धौलाधार की खूबसूरत वादियों में स्थित धर्मशाला कॉलेज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के चार दिवसीय युवा महोत्सव ग्रुप-दो के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस महोत्सव में भाग लेने के लिए सूबे के विभिन्न कॉलेजों के 500 से अधिक प्रतिभागी सोमवार को पहुंच गए। सभी प्रतिभागी मंगलवार से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्राचार्य सुनील मेहता और कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सतीश ठाकुर के अनुसार युवा महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को सुबह 10 बजे डीसी चंद्र प्रकाश वर्मा करेंगे। महोत्सव की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से होगी।
पहले दिन क्लासिकल, वोकल के अलावा अन्य प्रतिस्पर्धाएं होंगी। 29 सितंबर तक चलने वाले युवा महोत्सव में 70 से अधिक कॉलेजों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।युवा महोत्सव के समापन अवसर पर स्थानीय विधायक एवं शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा बतौर मुख्यातिथि विजेता और उपविजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।
प्राचार्य सुनील मेहता ने कहा कि महोत्सव के प्रतिभागियों और उनके प्रभारियों के रहने की पूरी व्यवस्था कर ली गई है। महोत्सव के दौरान प्रतिभागियों को हर प्रकार की सुविधा देने के पूरे इंतजाम किए गए हैं।
महोत्सव में होंगी यह स्पर्धाएं
चार दिवसीय युवा महोत्सव ग्रुप-दो में भारतीय शास्त्रीय गायन, सितार वादन, तबला वादन, गीत-ग़जल, लोक गीत, भारतीय समूहगान, पाश्चात्य समूहगान, एकल पाश्चात्य गायन और भारतीय वाद्य वृंद आदि स्पर्धाएं होंगी।