जवाहर लाल नेहरू राजकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय सुंदरनगर में री-अपीयर की परीक्षा देने वाले 20 छात्रों में से 12 को जीरो मिला है। बीटेक तीसरे सेमेस्टर की री-अपीयर परीक्षा देने वाले ये छात्र वर्तमान में आठवें सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे हैं। ये विद्यार्थी रेगुलर परीक्षा के बाद दो बार री-अपीयर की परीक्षा देने पर भी पेपर पास नहीं कर पाए।
गुस्साए एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों ने सोमवार को हमीरपुर स्थित हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी के कैंपस में पहुंचकर अपना विरोध दर्ज करवाया। सबसे पहले यह विद्यार्थी विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. वीपी पटियाल से मिले। इसके बाद विद्यार्थियों ने
विवि के कुलपति प्रो. आरएल शर्मा से मुलाकात की। फेल हुए छात्रों को विवि की ओर से रीवेल्युएशन फार्म भरने के निर्देश दिए गए। लेकिन फॉर्म भरने के लिए शुल्क एक हजार निर्धारित है, जिसके चलते विद्यार्थी निशुल्क दोबारा से उत्तर पुस्तिकाओं की रीवेल्युएशन करने पर अड़े रहे।