शिमला को साफ सुथरा रखने के लिए अब नगर निगम की ‘स्वच्छता हेल्पलाइन 1916’ हफ्ते के सातों दिन काम करेगी। त्योहारी सीजन के मद्देनजर नगर निगम ने स्वच्छता हेल्पलाइन 1916 के तहत ‘स्वच्छता वाहन’ की सुविधा सप्ताह के सातों दिन (राष्ट्रीय अवकाश वाले दिन भी) सुबह 7 से रात 9 बजे तक उपलब्ध करवाने का फैसला किया है।
सार्वजनिक स्थलों पर सफाई के लिए शहर के लोग इस सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने गांधी जयंती पर स्वच्छता हेल्पलाइन की औपचारिक शुरुआत की थी। ‘क्लीन शिमला ग्रीन शिमला’ मुहिम के तहत हिल्स क्वीन को साफ सुथरा रखने के लिए ‘स्वच्छता हेल्पलाइन’ शुरू करने वाला शिमला देश का पहला नगर निगम बन गया है।
दीवाली से पहले घरों की सफाई के दौरान निकलने वाला कूड़ा सड़क किनारे पड़ा हो या फिर शादी विवाह के बाद गंदगी फैल गई हो। 1916 पर सिर्फ एक कॉल करने के बाद नगर निगम का स्वच्छता वाहन संबंधित स्थान पर पहुंचेगा और तुरंत सफाई की जाएगी। 1916 पर कॉल के बाद अगर स्वच्छता वाहन आपके पास नहीं पहुंचता तो संबंधित क्षेत्र के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर को इसकी शिकायत का मैसेज पहुंच जाएगा। एक दिन बाद शिकायत मैसेज नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी और दो दिन बाद आयुक्त को पहुंचेगा।
जीपीएस-सेल्युलर से अपग्रेड होंगे
नगर निगम स्वच्छता वाहनों को जीपीएस कनेक्टिविटी और सेल्युलर फोन सेवा से जोड़ने की योजना बना रहा है। जीपीएस से वाहन की लोकेशन पर नजर रहेगी और सेल्युलर सेवा से लोगों की कॉल सीधे वाहन में तैनात कर्मी तक पहुंचेगी। नगर निगम दो स्वच्छता वाहन चलाने की तैयारी कर रहा है।
सुबह 7 से रात 9 बजे तक उपलब्ध होगी सेवा
अनूठी पहल वाला देश का पहला नगर निगम
शहर को साफ-सुथरा रखने में शहर के लोग बढ़-चढ़कर इस सेवा का इस्तेमाल करें। पब्लिक प्लेस पर सफाई के लिए सप्ताह के सातों दिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक लोग ‘स्वच्छता हेल्प लाइन 1916’ पर कॉल कर सकते हैं।- पंकज राय आयुक्त, नगर निगम