नामांकन वापसी के साथ ही धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में अब प्रत्याशियों को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। भाजपा के बागी प्रत्याशी आशीष सिकटा के हटने के बाद पच्छाद में भाजपा से रीना कश्यप, कांग्रेस से गंगू राम मुसाफिर जबकि दयाल प्यारी, सुरेंद्र कुमार छिंदा और पवन कुमार बतौर निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं।
उधर, धर्मशाला में सात प्रत्याशियों में मुकाबला होगा। बॉलीवुड आर्ट डायरेक्टर चौकस भारद्वाज का नामांकन रद्द होने के बाद गुरुवार को नामांकन पत्र वापस लेने के अंतिम दिन भी सभी मैदान में डटे रहे। भाजपा के विशाल नैहरिया और कांग्रेस के विजय इंद्र कर्ण के अलावा पांच अन्य उम्मीदवारों में मुकाबला होगा।
भारत स्वाभिमान मंच से मनोहर लाल, बतौर निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्र शुक्ला, निशा कटोच, राकेश कुमार और पुनीष शर्मा भी यहां चुनाव मैदान में हैं। धर्मशाला निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. हरीश गज्जू ने कहा कि सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए हैं।