जिला प्रशासन ने विकास खंड और पंचायत कार्यालयों सूचियां मुहैया करवाने का किया था क्रॉसर
407 पंचायतों की मतदाता सूचियां की गईं हैं जारी
निरीक्षक बोला, अभी चंडीगढ़ जा रहे हैं सूचियां लेने
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार शाम जारी की गईं मतदाता सूचियां अभी विकास खंड कार्यालय और पंचायत दफ्तरों में नहीं पहुंची हैं। लोग शनिवार देर शाम तक इन सूचियों के लिए दफ्तर के चक्कर काटते रहे लेकिन कुछ नहीं मिला।
लोगों का कहना है कि शिमला जिला प्रशासन ने कागजों में ही सूचियां जारी की हैं। दफ्तरों में यह उपलब्ध नहीं हैं। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को दावा किया था कि जिले की 412 में से 407 पंचायतों की मतदाता सूचियां जारी कर दी हैं। विकास खंड कार्यालय, बीडीसी दफ्तर और पंचायत घरों में इसकी कॉपी लोगों को उपलब्ध हो जाएगी। प्रदेश में शिमला मतदाता सूची जारी करने वाला पहला जिला था। पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे कई लोग शनिवार सुबह ही विकास खंड कार्यालय से लेकर पंचायत घरों के चक्कर काटने लगे। बीडीओ से सूचियों के बारे में पूछा तो जवाब मिला कि अभी विकास खंड कार्यालय में यह सूचियां नहीं पहुंची हैं। इसके लिए इंतजार करना होगा।
विज्ञापन
जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी यह सूचियां फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। जुन्गा और मशोबरा क्षेत्र की पंचायतों में भी शनिवार को मतदाता सूचियां नहीं पहुंचीं। मशोबरा विकास खंड अधिकारी अंकित कोटिया से भी लोगों ने मतदाता सूचियों को लेकर जानकारी ली। विकास खंड अधिकारी ने बताया कि अभी मतदाता सूचियां नहीं आई हैं। पंचायत निरीक्षक को इसका जिम्मा दिया गया है। संबंधित पंचायत निरीक्षक ने कहा कि मतदाता सूचियां लेने के लिए चंडीगढ़ जा रहे हैं।
इन पांच पंचायतों की मतदाता सूची अटकी जिले में कुल 412 में से 407 पंचायतों की मतदाता सूचियां शुक्रवार शाम जारी करने का दावा किया गया है। उम्मीद है कि सोमवार तक यह लोगों को उपलब्ध हो जाएंगी। जिला में पांच पंचायतों की मतदाता सूचियां अभी जारी नहीं की गई हैं। इनमें विकास खंड टुटू की आनंदपुर और बढ़ई पंचायत, जुब्बल विकास खंड की अंटी, रामपुर की सनारसा और गोपालपुर पंचायतें शामिल हैं। जिला प्रशासन के अनुसार इनके पुनर्सीमांकन से जुड़े प्रस्ताव अभी सरकार के पास लंबित हैं। इस पर फैसला होने के बाद ही इनकी मतदाता सूचियां जारी हो पाएंगी।