हिमाचल के हमीरपुर में जाहू के तहत एक महिला यात्री की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी बस चालक बस को बीच सड़क पर छोड़ मौके से फरार हो गया। महिला की पहचान गोदां देवी पत्नी सुखराम निवासी करेड़ धदवान, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। सुखराम निवासी करेड़ धदवान जिला मंडी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि रविवार शाम करीब 6 बजे वह अपनी पत्नी गोदां देवी के साथ बल्हड़ा में अपने रिश्तेदारों के घर शादी समारोह में जा रहे थे। तभी सुंदरनगर से जाहू जा रही निजी बस में सवार होकर वे जाहू बस अड्डा में पहुंचे तो बस ड्राइवर ने कहा कि गाड़ी बस स्टैंड नहीं जाएगी।
सभी सवारियां बस अड्डा के बाहर ही उतर जाओ। जैसे ही वह बस से उतरे तो बस चालक ने एक दम बस को मोड़ दिया। इस दौरान उसकी पत्नी बस के अगले टायर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद बस चालक बस को छोड़ मौके से फरार हो गया। सुखराम अपनी पत्नी को उपचार के लिए भोरंज अस्पताल ले गया, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।