कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी के दरंग में एक बस व स्कूटी चालक की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी चालक ज्वालामुखी के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की मौके पर ही मौत हो गई।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत चंबा पत्तन मार्ग पर दरंग में एक बस और स्कूटी की भिड़ंत में स्कूटी चालक ज्वालामुखी के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक गौतम (60) की मौत हो गई। वह वार्ड नंबर-तीन ज्वालामुखी के रहने वाले थे।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार चंबा पत्तन मार्ग पर एक निजी बस आ रही थी। वहीं इस दौरान संपर्क मार्ग से तीखे मोड़ से आते हुए स्कूटी चालक अशोक बस की चपेट में आ गए। स्कूटी चालक बुरी तरह घायल हो गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयंकर था कि स्कूटी बस के अगले हिस्से में बुरी तरह से फंस गई और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं हादसे की जगह एकत्रित हुए लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। ज्वालामुखी के डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की ओर से बस को भी कब्जे में ले लिया गया है।