हिमाचल के ऊना जिले के थानाकलां के गांव पनेड़ में एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। बस के नीचे दबने से एक आईटीआई छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर हैं जिन्हें पीजीआई रेफर कर दिया है। हादसा सोमवार सुबह करीब सात बजे पेश आया। बस शाहतलाई से ऊना जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस में करीब 80 यात्री सवार थे। यही नहीं बस की छत पर भी कई युवा सवार थे।
घायलों को निजी गाड़ियों एवं 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पतालों में पहुंचाया। सूचना मिलते ही एसडीएम ऊना धनवीर ठाकुर, एडीएम राजेश मारिया और बंगाणा के एसडीएम मनोहर लाल यादव क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे। उधर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बस सवारियों से खचाखच भरी थी और छत पर भी सवारियां बिठाई गई थीं। बस पनेड़ के पास तेज रफ्तार होने के चलते अचानक पलट गई।
छत पर सवार था अमन
हादसे में बस की छत पर सवार पनेड़ निवासी 19 वर्षीय अमन पुत्र सुरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। अमन महज एक मोड़ पहले ही बस में सवार हुआ था। गंभीर रूप से घायलों में उर्मिला देवी व संजीव शामिल हैं। उन्हें पीजीआई रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्य ने घायलों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। विधायक वीरेंद्र कंवर, कुटलैहड़ कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देसराज गौतम, विवेक विक्कू अस्पताल पहुंचे और घायलों का कुशलक्षेम जाना।
हादसे में घायल- सुदेश कुमारी निवासी डोहगी, ज्योति (21) निवासी लठियाणी, संजीव (36) निवासी वैरी सराय, रजनी सनौरिया हटली, रमेश चंद (62) ककराणा, रंजीत सिंह (42) धुंधला, विक्रमजीत (20) छपरोह, चमरड़ (65) निवासी गढ़शंकर पंजाब, इंदुबाला (32) तनोह, आरव (2) डडियार, अरविंद (18) बल्ह, अमित सोनी (21) धुंधला, चेतन (17) ककराणा, कमला (39) कोटला, दीक्षा (19) लठियाणी, अज्ञात्रि (40) डोहगी, पार्वती (40) कोटला, माया देवी (33) मलांगड़, संजीव कुमार (34) बैरी, चैन सिंह (50) धुंधला, गोबिंद राम (31) थानाकलां को चोटें आई हैं।