एफआरए के तहत भी मिल चुकी है मंजूरी , लोक निर्माण विभाग करेगा निर्माण कार्य
संवाद न्यूज़ एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल कुफरी से लेकर जनेडघाट होते हुए चायल तक की सड़क अब जल्द ही नई सूरत में नजर आएगी। केंद्र सरकार ने केंद्रीय सड़क अधोसंरचना कोष के तहत इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 52 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार ने स्वीकृति पत्र जारी किया गया है और सड़क के निर्माण के लिए एफआरए से भी फरवरी में मंजूरी मिली थी। अब लोक निर्माण विभाग कटिंग का काम शुरू करेगा। प्रदेश के बजट में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी सड़क निर्माण की घोषणा की थी।
यह सड़क पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए जीवन रेखा है, लेकिन वर्तमान में इसकी हालत बेहद खराब है। गड्ढों और जगह-जगह उखड़ी हुई सड़क के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हर साल लाखों सैलानी कुफरी, शिलोनबाग और चायल की ओर रुख करते हैं, लेकिन इस जर्जर सड़क पर यात्रा करना उनके लिए परेशानी भरा हो जाता है। सड़क की हालत सुधरने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
वर्तमान में सड़क की खराब हालत को लेकर स्थानीय लोग भी कई बार शिकायत कर चुके हैं। कई स्थानों पर सड़क इतनी संकरी है कि दो वाहन क्रॉस नहीं हो पाते, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। पर्यटन विभाग के अनुसार केवल कुफरी में ही सालाना करीब 8 लाख पर्यटक पहुंचते हैं। यदि सड़क की स्थिति बेहतर हो, तो यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक राज चौहान ने बताया कि निर्माण कार्य से पहले की सारी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। सड़क का निर्माण कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। सहायक अभियंता देवेश ठाकुर का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और कार्य तेजी से पूरा करने का प्रयास रहेगा।