निजी शिक्षण संस्थानों में अब बीएसएनएल की थ्रीजी ब्राडबैंड सेवा दौड़ेगी। इससे संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र लाभान्वित होंगे। युवा उपभोक्ताओं को बेहतर इंटरनेट सेवा से वीडियो कॉलिंग और तेज गति से दौड़ने वाले इंटरनेट की सुविधा मिल सकेगी।
निगम ने इसके लिए खास व्यवस्था शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि महाप्रबंधक दूर संचार जिला सोलन गुरबक्श सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि मोबाइल नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की आधुनिक सेवाओं को अधिक बढ़ाया जाएगा।
इस दायरे में एलआर कॉलेज, शूलिनी विवि, ओच्छघाट, बेस कोरपोरेशन, डेंटल कॉलेज टटूल, केटीएस सहित सभी पब्लिक स्कूल आएंगे। इन क्षेत्रों में 14 एमपीबीएस की बढ़ोतरी की गई है।
आपके लिए आकर्षक ऑफर
प्रीपेड के साथ साथ पोस्ट पेड के लिए भी बीएसएनएल नए प्लानों को लागू कर रहा है। इसमें प्रीपेड में 2 दिन वैधता के साथ 90 एमबी 3जी डाटा उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है।
इसके तहत उपभोक्ताओं को कम कीमत पर बेहतर लाभ देकर आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। अन्य प्लॉन की बात करें तो 98 रुपए में 19 दिनों की वैधता वाले पैकेज में 650 एमबी जबकि 155 में 28 दिनों की वैधता और एक जीबी, 251 में दो जीबी और 30 दिनों की वैधता जैसे आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं।
बीएसएनएल द्वारा दिए जा रहे इन आकर्षक ऑफरों से हर समय फेसबुक, व्हट्सएप और सोशल मीडिया पर रहने वाला युवा वर्ग खासा खुश है।
इन क्षेत्रों पर अधिक फोकस
निगम का मकसद अब प्रदेश के निजी शिक्षण संस्थानों और कॉलेजों को फोकस करना है। सोलन जिला की बात करें तो यहां पर
बद्दी, क्यारीघाट, परवाणू, नालागढ़, कसौली, नौणी, ओच्छघाट, टटूल, व जिला सिरमौर के राजगढ़, पांवटा साहिब व बड़ूसाहिब पर फोकस किया गया है। मोबाइल सेवाओं को ओर भी बेहतर बनाया जा रहा है। यहां काफी संख्या में विद्यार्थी रह रहे हैं।
वर्तमान में यहां सरपट दौड़ रहा ब्राडबैंड
भारत संचार निगम लिमिटेड ने सोलन व सिरमौर में इंटरनैट 3जी सेवा का विस्तार किया है। निगम की ओर से दो जिलों में उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए नए मोबाइल टावरों का विस्तार किया गया है। जिसमें क्षेत्र के दूर दराज में भी नेटवर्क बेहतर करने के लिए यह टावरों को शुरू कर दिया गया है।