ननखड़ी की परमेश्वरी ढांक के पास कार हादसे में भाई और बहन की मौत हो गई। कार करीब आठ सौ फीट गहरी खाई में लुढ़क गई। ये दोनों कार में सवार होकर नारकंडा के बाघी की ओर जा रहे थे। परमेश्वरी ढांक के पास कार हादसे का शिकार हो गई। इनकी मौके पर मौत हो गई।
ये बाघी में सब्जी की दुकान चलाते थे और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुभम (18) पुत्र दलीप कुमार और उसकी बहन लवली (14) शनिवार देर शाम अप्लाइड फॉर कार में सवार होकर बाघी जा रहे थे।
ननखड़ी की परमेश्वरी ढांक के पास कार अनियंत्रित हो गई और करीब आठ सौ मीटर खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही ननखड़ी से पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। भाई और बहन के शव को ढांक से ऊपर पहुंचाया गया।
सीएचसी ननखड़ी में पोस्टमार्टम के लिए बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि हादसे में भाई और बहन की मौके पर मौत हो गई थी।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ननखड़ी लाया गया। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मामला दर्ज कर पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।