मध्यप्रदेश के ग्वालियर, तेलंगाना के रंगारिडी तथा पंजाब के आनंदपुर साहिब में नेशनल स्कूली बॉक्सिंग में हिमाचल के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और सात कांस्य पदक जीते हैं।
कोच मान सिंह ठाकुर ने बताया कि 19 वर्ष से कम महिला आयु वर्ग की ग्वालियर में हुई प्रतियोगिता में 66 किग्रा में किन्नौर की शशिकला ने स्वर्ण पदक जीता।
मंडी की तनुजा ने 52 किलो, किन्नौर की रतना ने 60 किलो, स्वाति नेगी ने 57 किलो, अश्वनी कुमारी ने 75 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता।
तेलंगाना के रंगारिड़ी में 11-15 नवंबर तक अंडर-17(महिला वर्ग) की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 60 किग्रा में कुल्लू की कुसुमलता और स्मृति ने कांस्य पदक जीता। आनंदपुर साहिब में 12-18 नवंबर तक पुरुष वर्ग की अंडर-17 प्रतियोगिता में शिमला के मोहम्मद एश ने 63 किग्रा में स्वर्ण पदक जीता।
बिलासपुर के मनवर हुसैन ने 75 किलो में कांस्य पदक जीता। टीम के साथ ग्वालियर गए कोच मान सिंह, मैनेजर सोहन सिंह और कौशल्या देवी, तेलंगाना गए कोच विनोद कुमार, मैनेजर कैलाश शर्मा और सुदेश हाजरी और आनंदपुर साहिब टीम के साथ गए कोच चरणजीत सिंह, मैनेजर इंद्र सिंह तथा केके ठाकुर ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।