प्रदेश कैडर के आईएएस अफसरों का दिल्ली जाने का सिलसिला जारी है। बुधवार को प्रधान सचिव के. संजयमूर्थि का दिल्ली जाने का रास्ता साफ हो गया।
उन्हें केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया है। अभी तक उनके पास जो महकमे थे, वे पांच आईएएस अफसरों को सौंप दिए गए हैं। चार दिन पहले ही सचिव भरत खेड़ा दिल्ली रवाना हुए थे।
मुख्य सचिव पी मित्रा की ओर से जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय मित्तल को परिवहन के अलावा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता महकमे का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
उनसे एआर, प्रशिक्षण और आरपीजी वापस लेकर प्रधान सचिव एसकेबीएस नेगी को सौंपा गया है। प्रधान सचिव पीसी धीमान से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता वापस लेकर उन्हें शिक्षा के अलावा सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य थमाया गया है।
राज्यपाल के प्रधान सचिव संजय गुप्ता को आयुर्वेद के अलावा तकनीकी शिक्षा का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। प्रधान सचिव उद्योग आरडी धीमान को खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता सेवाएं की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उधर, एचएएस अधिकारी अमरजीत सिंह को एचपी ऊर्जा निगम के निदेशक कार्मिक के अलावा निदेशक वित्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।