चौर-बड़ा कंबा मार्ग पर शुक्रवार सुबह 6:30 बजे न्यू नालिंग के पास चलते वाहन पर पहाड़ी से चट्टानें गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि गाड़ी में सवार तीन अन्य लोग सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार कार एचपी 26ए 5500 बड़ा कंबा से भावानगर की ओर जा रही थी। इसी बीच कार जब न्यू नालिंग के पास पहुंची तो पहाड़ी दरक गई। इससे चालक की सीट के पीछे बैठे राकेश (47) निवासी गांव बड़ा कंबा, तहसील निचार, जिला किन्नौर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
राकेश नेगी बीडीओ कार्यालय भावानगर में बतौर लिपिक के पद पर तैनात थे। वहीं वाहन मालिक एवं चालक अजेंद्र नेगी (38), निवासी बड़ा कंबा, मनोज नेगी (39), गांव बड़ा कंबा, जो कि पौंडा पंचायत में सचिव पद पर सेवाएं दे रहे हैं जबकि ममता नेगी (27) निवासी बड़ा कंबा सुरक्षित हैं। हादसे की सूचना मिलते ही भावानगर थाने से एएसआई रामसेन लक्टू, मुख्य आरक्षी ललित नेगी, आरक्षी सिद्धार्थ नेगी की टीम और बड़ा कंबा और छोटा कंबा गांव के स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुटे।
चिकित्सक ने घटनास्थल पर ही शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद मृतक के बड़े भाई अशोक नेगी को शव सुपुर्द किया गया। तहसीलदार भावानगर चंद्र मोहन ठाकुर ने घटनास्थल का दौरा किया। वहीं, मामले एसपी किन्नौर विवेक चहल ने की पुष्टि करते की है। उधर, एसडीएम भावानगर विमला वर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को 25,000 रुपये की फौरी राहत दी गई है।
खड़ामुख के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, तीन घायल
होली-चंबा मार्ग पर खड़ामुख के पास एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक सहित तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों की पहचान सुखराम पुत्र पूर्ण चंद निवासी गांव पहाड़पुर तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रुपनगर, कार्तिक धय्या पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी गांव टुकर्थी डाकघर मानकपुर तहसील नंगल और ओम राज पुत्र प्रताप सिंह निवासी गांव लेच डाकघर गैहरा चंबा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार उक्त ट्रक सुबह के समय होली से चंबा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान खड़ामुख के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक खाई में जा गिरा। घटना में ट्रक के परखचे उड़ गए, और उसमें सवार चालक सहित तीन लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद पहुंचे लोगों ने घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर पहुंचाया।
जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल में जाकर हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन की। इस दौरान चश्मदीद लोगों के बयान भी कलमबद्ध किए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।