प्रदेश हाईकोर्ट के बाद अब चक्कर स्थित जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल से इस धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस ने परिसर में सर्च अभियान चलाया। हालांकि इस दौरान परिसर में किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सिविल एवं सत्र प्रभाग शिमला के कार्यालय से पुलिस को एक आधिकारिक ईमेल प्राप्त हुआ। इसमें धमकी भरने ईमेल मिलने की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही थाना बालूगंज की टीम तुरंत चक्कर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट परिसर में पहुंची और डॉग स्क्वॉड की मदद से परिसर की तलाशी ली गई। कई घंटों तक चले इस अभियान में पुलिस ने अदालत भवन और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया, लेकिन जांच के दौरान कोई भी बम या अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।