कंगना ने बताया कि जब वे शूटिंग के दौरान उदयपुर गईं थीं तो वहां माता अंबिका का प्राचीन मंदिर देखा और फैसला लिया कि वे अपने घर में भी ऐसा ही भव्य मंदिर बनवाएंगी। मंदिर का निर्माण होने के कई वर्षों बाद वीरवार को यहां पहुंचीं और कुलदेवी अंबिका के मंदिर के साथ माता की मूर्ति प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में शामिल हुईं। कंगना ने स्थानीय विधिविधान से खुद सभी रस्में निभाईं। यज्ञ का आयोजन किया गया।
इससे पहले माता के जगराते में बुधवार देर रात मां के पारंपरिक भजनों पर कंगना खूब झूमीं। कंगना ने लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा, अभी वे सिर्फ कॅरिअर पर फोकस कर रही हैं। राजनीति में आने की कोई रुचि नहीं है। यही नहीं, कंगना का कहना है कि उनका अभी शादी करने का भी कोई इरादा नहीं है। गौर हो कि अभिनेत्री कंगना के दादा विधायक रह चुके हैं।
यू-ट्यूब पर मत देखें आने वाली फिल्म
कंगना ने कहा कि उनकी फिल्म ‘मनिकर्णिका द क्वीन ऑफ झांसी’ जल्द रिलीज होने वाली है, लेकिन सभी से अनुरोध है कि इस फिल्म को कोई भी यू-ट्यूब पर न देखे। यह फिल्म भी एक शक्ति के रूप पर आधारित है। इसमें उन्होंने यह रोल निभाया है। उन्होंने बलद्वाड़ा में सिनेमा हाल न होने पर भी चुटकी ली। कंगना ने 2006 में गैंगस्टर फिल्म के साथ मायानगरी में कदम रखा था।
शुरुआती दौर में कंगना ने खूब संघर्ष किया और कड़ी मेहनत के दम पर सुपर स्टार का मुकाम हासिल किया। करीब 16 साल की उम्र में मॉडलिंग में हाथ आजमाने दिल्ली पहुंचीं कंगना ने बेहद बुरा वक्त देखा, लेकिन अब वे बॉलीवुड की स्टार अदाकारा एक हैं। बॉलीवुड में बेहतरीन अदाकारी के लिए कंगना को कई अवार्ड मिल चुके हैं।