शिमला के रामपुर में एक बोलेरो कैंपर के सतलुज में गिरने से इसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग अभी तक लापता है।
हादसा उस समय हुआ जब कैंपर में सवार होकर पांच लोग रामपुर से ब्रो की ओर जा रहे थे। यहां पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सतलुज नदी में जा गिरी।
हादसे में मारे गए सभी लोग कुल्लू जिला के बताए जा रहे हैं। पुलिस लापता लोगों की तलाश कर रही है।
गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार हादसा देर रात करीब नौ बजे हुआ। गाड़ी को गिरते समय समीप की गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने देखा जिसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची मगर अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन नहीं हो पाया। इसके बाद बुधवार सुबह उजाला होते हुए पुलिस अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
क्रेन के जरिए गाड़ी को निकाला गया तो इसमें तीन लोगों के शव बरामद किए गए जबकि दो लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मृतकों की हुई शिनाख्त
लापता लोगों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद भी ली जा रही है। मगर करीब छह घंटे से चल रहे इस सर्च ऑपरेशन में लापता लोगों की तलाश नहीं हो पाई है। पुलिस ने मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम संबंधित प्रकिया शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान राजेश कुमार (18) निवासी गांव तनुन पंचायत कुल्लू, ताराचंद निवासी गांव चांटी और लक्की (32) निवासी निवासी पंजाब के तौर पर हुई है। हादसे में ताराचंद का भाई जयचंद और एक अन्य शख्स अभी तक लापता है।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मगर अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।