चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते एक मोहल्ले में पावर ग्रिड कंपनी से सेवानिवृत्त बुजुर्ग को ओटीपी नंबर शेयर करना महंगा पड़ गया। शातिरों ने सेवानिवृत्त बुजुर्ग के खाते से ओटीपी नंबर पूछकर 14 लाख 97 हजार 135 रुपये की चपत लगा दी। खाते से पैसे कटने का मैसेज आने पर पीड़ित ने पुलिस में ठगी का शिकार होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भांदसं की धारा 420, 66-बी सहित आईटी एक्ट 2000 के तहत मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में बुजुर्ग ने बताया कि वह जुलाई 2015 में पावर ग्रिड कंपनी से सेवानिवृत्त हुआ है। कहा कि उनका खाता नंबर 1031513280 भारतीय स्टेट बैंक गांधीनगर जम्मू में है। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनके इसी खाते में पैसे हैं। कुछ समय पहले उनके मोबाइल नंबर पर 75518-25101 पर फोन आया। फोन पर किसी अनजान व्यक्ति ने उनकी सिम लॉक होने की बात कही।
साथ ही 10 रुपये का रिचार्ज कर सिम एक्टिवेट करने के लिए लिए कहा। इसके तहत बाकायदा उनके मोबाइल नंबर पर एक लिंक भी भेजा गया। उन्होंने दर्शाए गए लिंक के तहत जानकारियां साझा करते शातिर के झांसे में आकर ओटीपी सहित समस्त जानकारी उससे साझा कर दी। इसका लाभ उठाते हुए आरोपी ने उनके खाते से 14,97,135 रुपये निकाल कर उनके साथ धोखाधड़ी की। कहा कि बैंक से मैसेज आने पर उनके होश फाख्ता हो गए। उन्होंने बिना समय गंवाए पुलिस में पहुंच कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ उनके साथ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज करवाया।
डीएसपी अजय कपूर ने कहा कि शहर के साथ लगते एक मोहल्ले में व्यक्ति के साथ 14 लाख 97 हजार 135 रुपये की धोखाधड़ी हुई है। लोगों को बार-बार ऑनलाइन किसी के साथ कोई भी जानकारी शेयर न करने का आगाह किया जाता है, बावजूद इसके लोग नादानी में अपने मेहनत की पूंजी पूंजी लुटा रहे हैं।