आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाना में चलेंगी अब सात विभागों की मुख्य ओपीडी
विज्ञापन
12 अगस्त से शुरू होंगी सभी विभागों की ओपीडी
दाखिल मरीजों के लिए दो माह में शुरू होगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में अब अधरंग, खून की उल्टी और ह्रदय रोग का उपचार नहीं होगा। मरीजों को यह उपचार 12 अगस्त से अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाना में मिलेगा।
अस्पताल में कार्डियोलॉजी, यूरोलॉजी, गेस्ट्रोएंट्रोलाॅजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्रायोनोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग की ओपीडी सुबह 9:30 से शाम 4:00 बजे तक चलेगी। आईजीएमसी के कमेटी हॉल में आयोजित वार्ता में अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान (चमियाना) के प्राचार्य डॉ. बृज शर्मा ने यह जानकारी दी। चमियाना अस्पताल में अब तक चुनिंदा ओपीडी चल रही थीं लेकिन अब मुख्य विभागों की ओपीडी शुरू होने से हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।
विज्ञापन
अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाना के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि अगले दो माह में इंडोर सुविधा शुरू कर दी जाएगी। एक छत के नीचे मरीजों को ओपीडी, वार्ड के साथ टेस्ट की पर्याप्त सुविधा मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अगर किसी मरीज को आपातकालीन उपचार की सुविधा की जरूरत है तो मरीज पहले की तरह आईजीएमसी में ही उपचार के लिए आए।
यहां पर सुपर स्पेशलिटी विभाग के चिकित्सक 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। इससे मरीजों को तत्काल उपचार मिलता है। अब तक अस्पताल में न्यूरोलॉजी और यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी सुचारु तरीके से चल रही थी। इन विभागों में उपचार के लिए आए मरीजों की संख्या अधिक रहती हैै। ऐसे में अब अन्य मुख्य विभागों के आने के बाद यहां पर सभी मरीजों को उपचार मिलेगा।
चमियाना में ऐसे चलेंगी ओपीडी
विभाग दिन 1. कार्डियोलॉजी विभाग सोमवार से शुक्रवार 2. यूरोलॉजी विभाग सोमवार, बुधवार और शुक्रवार 3. गेस्ट्रोएंट्रोलाॅजी विभाग सोमवार, वीरवार और शुक्रवार 4. न्यूरोलॉजी विभाग मंगलवार, शुक्रवार और शनिवार
5. एंडोक्रायोनोलॉजी विभाग मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार 6. प्लास्टिक सर्जरी विभाग सोमवार, मंगलवार, वीरवार और शनिवार 7. नेफ्रोलॉजी विभाग मंगलवार और शुक्रवार