औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक उद्योग में बुधवार सुबह करीब 9 बजे एलपीजी स्टोरेज सिलिंडर में अचानक लीकेज से जोरदार धमाका हो गया और आग भड़क गई। इसकी चपेट में आने से 26 वर्षीय कर्मचारी बुरी तरह झुलस गया। उसे तुरंत कालाअंब के निजी अस्पताल लाया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
कालाअंब पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। कालाअंब के जोहड़ों स्थित एसएनएस स्टील उद्योग में दो हजार किलोग्राम एलपीजी स्टोरेज सिलिंडर में अचानक लीकेज से यह हादसा हुआ है। हादसे में खैरी (कालाअंब) स्थित गैस एजेंसी का एक कर्मचारी दिलशाद बुरी तरह से झुलस गया। बताया जा रहा है कि इस उद्योग में सिलिंडर बदलने का कार्य गैस एजेंसी के कर्मचारी की ओर से किया जाता है।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्टेशन फायर ऑफिसर नाहन पीएस सैन कालाअंब फायर चौकी के प्रभारी रामकुमार और लीडिंग फायरमैन जोगेंद्र सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। 20 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। उद्योग में धमाके के बाद भड़की आग ने कंप्रेशर यूनिट, पावर यूनिट, मेटलिंग यूनिट और डाई यूनिट को भी चपेट में ले लिया। उधर, स्टेशन फायर अधिकारी पीएस सैन ने बताया कि आग से 10 लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि अभी स्थिति नियंत्रण में है। लीकेज रोकने के लिए इंडियन आयल कंपनी के एक्सपर्ट बुलाए गए हैं।