बारिश के बीच कांगणी हेलीपैड में इंतजार कर रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद फोन करके कहा कि पड्डल जाकर बारिश में भीग रही जनता की चिंता करो। अपना संबोधन शुरू करो। मौसम बेहद खराब है। मैं दिल्ली से ही वर्चुअल जुड़ूंगा। इसके बाद करीब सवा बारह बजे मुख्यमंत्री पड्डल पहुंचे और उन्होंने अपने संबोधन में पीएम का दौरा रद्द होने की बात कही। इस दौरान खचाखच भरे पड्डल मैदान में मायूसी छा गई। लेकिन वर्चुअली पीएम के जुड़ने का सुनकर युवाओं ने जोश के साथ नारे लगाना शुरू किए और बारिश से बचने के लिए कुर्सियां सिर पर रखकर पीएम और सीएम का संबोधन सुना।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पड्डल में भीड़ जुटाने में कामयाब रहे, लेकिन मौसम ने साथ नहीं दिया। कई साथियों को पड्डल तक पहुंचने का मौका ही नहीं मिला। रास्ते में ही फंसे रहे। कहा कि छोटी काशी मंडी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करना राज्य के लोगों के लिए गर्व का क्षण होगा, लेकिन खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री मंडी नहीं आ सके। मुख्यमंत्री ने सैद्धांतिक रूप से राज्य को बल्क ड्रग फार्मा पार्क की स्वीकृति प्रदान करने के लिए पीएम मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पार्क राज्य के लोगों के लिए गेम चेंजर साबित होगा।
चिकित्सा उपकरण पार्क भी स्वीकृत किया गया है जो न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, बल्कि राज्य के हजारों युवाओं को रोजगार के लाभकारी अवसर भी प्रदान करेगा। मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, भाजपा उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना और स्थानीय विधायक अनिल शर्मा मौजूद रहे।
मंच से किसने क्या कहा
सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश के युवाओं का आभार व्यक्त किया। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि पहाड़ियों के युवाओं में समाज में गुणवत्तापूर्ण बदलाव लाने की क्षमता है। इस अवसर पर राज्य भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमित ठाकुर ने भी रैली को सफल बनाने के लिए युवाओं का धन्यवाद दिया।