टीबी मुक्त भारत शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर एक ओर जहां क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में सांसद अनुराग ठाकुर क्रिकेट के जरिये सियासत गर्म कर रहे थे, वहीं कांगड़ा एयरपोर्ट के बाहर जुटी हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ में नड्डा को सीएम बनाने के नारों ने एकाएक सूबे के सबसे बड़े जिले की सियासत में उबाल ला दिया। दोपहर डेढ़ बजे जेपी नड्डा गगल एयरपोर्ट पर उतरे। नड्डा के स्वागत के लिए एयरपोर्ट के अंदर और बाहर इतनी भीड़ थी कि पठानकोट-मंडी हाईवे पर 40 मिनट तक जाम लग गया।
चंबा और कांगड़ा जिले के दर्जनों भाजपा नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ नड्डा पर फूलों की बरसात की। कार्यकर्ता नड्डा की एक झलक पाने को बेताब दिखे। भीड़ के दौरान कुछ नेताओं के साथ आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नड्डा को हिमाचल का अगला सीएम बनाने को लेकर जमकर नारेबाजी की। ‘हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो, जेपी नड्डा जैसा हो’ के नारे लगने के बाद सियासी पारा और गर्म हो गया।
इन नेताओं ने समर्थकों के साथ किया शक्ति प्रदर्शन
कांगड़ा और चंबा जिले से राकेश पठानिया, किशन कपूर, सरवीण चौधरी, जिया लाल, मुल्ख राज प्रेमी, अर्जुन ठाकुर, विनय शर्मा, प्रवीण शर्मा, विपिन परमार, विक्रम जरयाल, संजय चौधरी, उत्तम चौधरी, मंगल चौधरी, कूका, दूलो राम, कृपाल परमार, विशाल
चौहान, कार्निक पाधा, देवी लाल सहित दर्जनों नेता कार्यकर्ताओं के साथ नड्डा का स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचे थे। नड्डा के समक्ष कांगड़ा और चंबा जिला से टिकट के चाह्वान दर्जनों नेताओं ने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन कर अपना अपना दावा मजबूत करने की कोशिश भी की। इस कवायद में सूबे के सबसे बड़े जिले में भाजपा की एकजुटता पर भी सवाल उठा।
धूमल और अनुराग से गलबहियां
टीबी मुक्त भारत शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहे अनुराग ठाकुर ने नड्डा का स्वागत एयरपोर्ट पर नहीं बल्कि क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में ही किया। इस दौरान नड्डा और अनुराग गले मिले और दोनों में काफी देर तक गुफ्तगू चली। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी स्टेडियम में जेपी नड्डा के गले मिले और दोनों नेताओं में गुफ्तगू हुई।
धूमल के करीबी रहे राकेश पठानिया भी पहुंचे
एयरपोर्ट पर नड्डा के समक्ष सबसे ज्यादा शक्ति प्रदर्शन पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के ‘हनुमान’ रहे राकेश पठानिया ने किया। राकेश पठानिया नड्डा का स्वागत करने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं को साथ लाए थे। एयरपोर्ट पर राकेश पठानिया नड्डा की जोरदार अगवानी कर रहे थे। नड्डा का स्वागत करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह भी एयरपोर्ट पर पहुंचे थे।