हिमाचल प्रदेश सरकार ने दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर बुधवार को जहां बिलासपुर में समारोह मनाया, वहीं शिमला में भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर 18 घोटाले करने का आरोप लगाते हुए राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार का दो वर्ष का यह कार्यकाल प्रदेश के इतिहास में काले अध्याय के रूप में जाना जाएगा। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आर्थिक कुप्रबंधन से प्रदेश को आर्थिक दिवालियापन की कगार पर खड़ा कर दिया गया है। अब विधानसभा के शीत सत्र के दौरान धर्मशाला में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सदन में भाजपा विधायक इन घोटालों को उठाएंगे। बुधवार को मीडिया से बातचीत में नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने यह एलान किया।