भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने आशियाना में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश सरकार के एक साल के सफल कार्यकाल के जवाब में कांग्रेस के पास कोई ठोस आरोप नहीं है। यही वजह है कि लोगों का ध्यान भटकाने को वह सिर्फ हवा हवाई आरोप लगा रही है।
रणधीर ने कहा कि भाजपा की चार्जशीट पर सरकार के हर विभागों में जांच चल रही है। चार्जशीट में लगाए आरोपों का रिजल्ट जल्द सामने आएगा। कहा कि ऐसा लगा कि जैसे कांग्रेस ने साल भर के प्रेस नोट को एक दस्तावेज बनाकर राज्यपाल को चार्जशीट का नाम देकर सौंपा है।
कहा कि सरकार के ज्यादातर मंत्री और मुख्यमंत्री भी नए थे। बावजूद इसके वर्तमान सरकार ने ऐसा कार्य किया है, जिसकी पूरे प्रदेश में तारीफ हो रही है। गुड़िया हेल्पलाइन से लेकर होशियार हेल्पलाइन, नशे पर नकेल कसने के लिए एनडीपीएस एक्ट में संशोधन किया गया।
पर्यटन को बढ़ावा देने के भी प्रयास किए। हेलीकॉप्टर का दुरुपयोग पूर्व सीएम वीरभद्र ने किया, लेकिन आरोप जयराम सरकार पर लगा रहे हैं। रणधीर शर्मा ने कांग्रेस चार्जशीट के आरोपों पर कहा कि ज्यादातर मामलों में विधानसभा के अंदर सवाल जवाब हो चुका है।
ऐसे में उन्हें चार्जशीट का नाम देकर रिपीट करना फर्ज अदायगी जैसा लग रहा है। नियमों के अनुसार ही बाबा रामदेव को जमीन दी जा रही है। यही नहीं, राजनीतिक मामलों की वापसी पर भी कहा कि द्वेष
भाव से दर्ज मामले ही वापस लिए जा रहे हैं, क्योंकि उनकी वजह से नेताओं को परेशानी भले न हो लेकिन उनके साथ रहे कार्यकर्ताओं को विदेश जाने से लेकर नौकरी तक में पुलिस की क्लीन चिट नहीं मिल पा रही।