किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, ई नाम मार्केट से लेकर कई अन्य तरह की योजनाएं शुरू की गई हैं। नुकसान की भरपाई के लिए 50 फीसदी से ज्यादा के मानक को घटाकर 35 फीसदी तक कर दिया गया।
जनधन योजना का उदाहरण देते हुए दावा किया कि साल 2014 से 2017 के बीच दुनिया में खुले 55 फीसदी बैंक खाते भारत में खुले थे। स्वच्छ भारत अभियान का हवाला देते हुए कहा कि मोदी सरकार में देशभर में 6.25 करोड़ शौचालय बने।
खाद्य सुरक्षा बिल को भी 36 प्रदेशों व केंद्र शासित राज्यों में लागू करने का श्रेय मोदी सरकार को दिया। दुराचार के मामलों में मौत की सजा व कठोर कारावास, आयुष्मान भारत, रेल दुर्घटनाओं में कमी, अनुसूचित जाति जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भारी बजट व विभिन्न योजनाएं भी गिनाईं।
पात्रा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि केंद्र से भेजा गए एक रुपये में से सिर्फ 15 पैसे ही लोगों तक पहुंचते थे। बाकी का 85 पैसे का गबन हो जाता था। कहा कि इसी समस्या को देखते हुए मोदी सरकार डीबीटी व्यवस्था से केंद्र की 431 योजनाओं का सीधा पैसा पात्र व्यक्ति के खाते में भेजा जाता है।
इससे न सिर्फ गड़बड़ी बची बल्कि लोगों को भी फायदा हुआ। पात्रा ने इस दौरान दाल के दाम बेहद कम होने और उत्पाद में भारी उछाल पर मोदी सरकार की पीठ थपथपाई।
कहा कि तीन साल पहले तक दाल को लेकर हाहाकार मचा हुआ था लेकिन आज दाल के दाम बेहद कम हैं। हालांकि, पेट्रोल के दाम बढ़ने के सवाल पर वह गोलमोल जवाब देते दिखे।
सोशल मीडिया के क्षेत्र में सभी पदाधिकारियों की भूमिका को बढ़ाना जरूरी है क्योंकि 2019 का चुनाव मोबाइल फोन पर ही लड़ा जाएगा। ऐसे में यह जरूरी है कि पार्टी की हर पीढ़ी के कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा सक्रिय हो।
यह बात भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी के प्रदेश मीडिया व आईटी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यशाला के दौरान पात्रा ने कहा कि सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है जो आज के समय में हर व्यक्ति तक आपकी बात पहुंचा सकता है।
ऐसे में केंद्र की मोदी सरकार की सभी योजनाओं व उनकी उपलब्धियों को सोशल मीडिया के जरिये ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित करें।
इस दौरान उन्होंने पार्टी के मीडिया प्रमुख व प्रवक्ताओं के महत्व को बताते हुए कहा कि वह संगठन की जीभ होते हैं, न कि लाउडस्पीकर। उन्हें बुलेट प्वाइंट के साथ संगठन और सरकार का पक्ष रखने का हुनर आना बड़ा जरूरी है।
बैठक का समापन करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपील की कि सोशल मीडिया के क्षेत्र में एक अलग तरह की क्लास खड़ी हुई है जो राजनैतिक, सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों से अलग है।
वह अलग तरह की मान्यताओं को गलत तरीके से फैला रही है। उस ट्रेंड को बदलने के लिए सोशल मीडिया में रचनात्मक एवं सुंदरता लाने के लिए आगे आना है। है। इससे पहले भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक रवि राय राणा एक प्रेजेंटेशन प्रस्तुत की।
इस दौरान पार्टी प्रवक्ता रणधीर शर्मा, सीएम के ओएसडी महेन्द्र धर्माणी, मीडिया सलाहकार रोहित सावल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त समेत आईटी व मीडिया सेल के के प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद थे।