जेपी नड्डा ने अपने पिता का हालचाल जाना।
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिमी बंगाल को सोनार बंगाल (सोने जैसा बंगाल) बनाना भाजपा का सपना है। वहां की जनता भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति से मुक्ति पाना चाहती है। इसलिए उन्होंने तय किया है कि वह ममता बनर्जी की सरकार को जड़ से उखाड़कर फेंकेंगे। वहीं भाजपा बंगाल समेत तमिलनाडु और पुडुचेरी में जीत दर्ज करेगी। तीन बार बंगाल जा चुका हूं। दो दिन बाद फिर जाऊंगा। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिलासुपर के विजयपुर में कही।
नड्डा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभाओं में जिस प्रकार पश्चिमी बंगाल में जनता का सैलाब उमड़ रहा है, उससे स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बंगाल में कमल का फूल खिलने वाला है। उन्होंने कहा कि बंगाल की संस्कृति की रक्षा के लिए भाजपा संकल्पित है। नड्डा ने कहा कि तमिलनाडु में वह गठबंधन की सरकार बनाएंगे। केरल में भी अच्छा लक्ष्य हासिल करेंगे। इससे पहले उन्होंने अपने गृह जिला बिलासपुर के विजयपुर में अपने आवास पर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और उन्हें निपटारे का आश्वासन दिया। इसके अलावा उन्होंने अपने बीमार पिता का भी कुशलक्षेम जाना।