भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के कुटलैहड़ आगमन पर कुटलैहड़ कांग्रेस ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। अनुराग ठाकुर जब बैरी हटली से संपर्क मार्ग का भूमि पूजन करने के उपरांत थानाकलां की ओर जा रहे थे तो उस समय बंगाणा बाजार में कांग्रेसियों ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के युकांध्यक्ष रणवीर राणा के नेतृत्व में काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया।
क्योंकि जो शिलान्यास व भूमि पूजन अनुराग ठाकुर द्वारा किए गए, उन्हें मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किया जाना था। नारेबाजी के दौरान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अनुराग ठाकुर मात्र सुर्खियां बटोरने के लिए कुटलैहड़ में शिलान्यास व भूमि पूजन करने पहुंचे हैं। रणवीर राणा ने कहा कि शिलान्यास व भूमि पूजन करना प्रदेश सरकार का हक है।
अनुराग ठाकुर बताएं कि सांसद निधि से उन्होंने कुटलैहड़ को क्या दिया और कौन सी बड़ी सौगात केंद्र से कुटलैहड़ में लाए। अब जब यूपीए सरकार के वक्त के विकास कार्य तैयार हो गए हैं तो उनका उद्घाटन करने अनुराग पहुंच गए हैं जो सहन करने योग्य नहीं है। इसलिए सभी इकट्ठे होकर अनुराग ठाकुर को काले झंडे दिखाने पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि बीसीसीआई अध्यक्ष के तौर पर अनुराग ठाकुर ने झूठा हल्फनामा दायर कर हिमाचलियों का नाम देश भर में बदनाम किया है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य उर्मिला ठाकुर, कुटलैहड़ महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुमनलता, बीडीसी चेयरमैन मीना चौधरी, जसाणा के प्रधान प्रवीण शर्मा, सुमन, इकबाल सिंह, सत्या देवी, नरेश आदि उपस्थित रहे।