भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि शिमला नगर निगम चुनावों में हार से कांग्रेस के पतन की शुरूआत हो गई है। कांग्रेस विधानसभा चुनाव में दस सीटों पर सिमट जाएगी। अनुराग ठाकुर सोलन में ओलंपिक मशाल कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि शिमला के लोगों ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार का जवाब दिया है। आगामी दिनों में प्रदेश के लोग भी यही करने वाले हैं। कांग्रेस का प्रदेश से सफाया होने जा रहा है। इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि वे सोलन में क्रिकेट स्टेडियम बनाना चाहते हैं लेकिन इसके लिए प्रदेश सरकार ने जमीन उपलब्ध नहीं करवाई है।
जिस दिन प्रदेश सरकार से स्टेडियम बनाने के लिए जमीन मिल जाएगी एचपीसीए दस करोड़ रुपये से सोलन में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करेगा। उन्होंने कहा कि सोलन के युवा काफी उत्साहित हैं और इन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
भाजपा हमेशा युवाओं की बात करती है और प्रदेश की सत्ता में भाजपा के काबिज होने के बाद वे अपने वादे जरूर पूरा करेंगे। क्रिकेट स्टेडियम बनने के बाद युवाओं को क्रिकेट के गुर सीखने और टीम में जगह बनाने का अवसर मिलेगा। इससे यहां पर्यटन कारोबार में भी बढ़ोत्तरी होगी। इस मौके पर भारी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी व स्थानीय नेता मौजूद थे।
कांग्रेस संगठन और सरकार की हुई हार: बिंदल
नगर निगम शिमला चुनाव में भाजपा को मिली जीत को चुनाव प्रभारी राजीव बिंदल ने कांग्रेस संगठन और प्रदेश सरकार की करारी हार करार दिया है। बिंदल ने कहा कि वीरभद्र सिंह व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लगातार वार्डों में जाकर बैठकें कीं, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रचार अभियान में सारे नियम तोड़कर रात एक बजे तक माइक पर भाषण दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि सीएम के कुछ करीबियों ने कुछ वार्डों में प्रत्याशियों को धमकाया, लेकिन कांग्रेस 12 वार्ड में ही जीत पाई। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस के संपूर्ण सफाई के दिन आ गए हैं।
शिमला जिला को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, लेकिन करारी हार ने प्रदेश सरकार को आईना दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि 6 महीने पहले जब भोरंज उप चुनाव हुआ तो भाजपा को जबरदस्त जीत मिली। तब कांग्रेस ने कहा था कि हमीरपुर तो भाजपा का गढ़ है लेकिन अब तो कांग्रेस को उसके गढ़ में ही जनता ने चारों खाने चित कर दिया है।
बिंदल ने कहा कि नगर निगम चुनावों में भाजपा की 17 सीटों पर जीत का श्रेय पार्टी के बूथ अध्यक्षों व श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने शिमला की जनता का भाजपा के पक्ष में जनादेश देने के लिए आभार जताया है। बिंदल ने शिमला की जनता को बधाई देते हुए कहा कि 31 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जनता ने भाजपा को नगर निगम में काबिज होने का आदेश दिया है।
शिमला में नहीं मोदी लहर, बहुमत नहीं ले पाई भाजपा : नरेश
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं महासचिव नरेश चौहान ने कहा है कि शिमला शहर के जनादेश का पार्टी स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस जनादेश के बाद आत्ममंथन कर रही है, मगर आंखें नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट मांगने वालों की खुली हैं।
उन्होंने कहा कि यह साफ हो गया है कि शिमला में मोदी लहर नहीं है। भाजपा ने तो चुनाव प्रचार में केंद्रीय मंत्री तक को उतारा हुआ था, मगर 18 का आंकड़ा भाजपा भी पार नहीं कर पाई। कांग्रेस की कोशिश रहेगी कि वह अपने पक्ष में अधिक से अधिक पार्षदों को लाए।