रियलिटी शो बिग बॉस सीजन-14 की विजेता रुबीना दिलैक ने पुरस्कार राशि में से एक अंश अपने पुश्तैनी गांव में सड़क और बिजली के सुधार के लिए खर्च करने का एलान किया है। रुबीना के पिता गोपाल दिलैक ने बताया कि बिग बॉस की विजेता बनने के बाद रुबीना ने इसे लेकर औपचारिक घोषणा की है। रुबीना मूल रूप से शिमला जिले के चौपाल तहसील के लास्टा (कशांलडी) गांव की रहने वाली हैं। उनके गांव की लास्टाधार-कशांलडी सड़क की स्थिति अच्छी नहीं है। बरसात और सर्दियों में सड़क बेहद खराब हो जाती है। रुबीना ने सड़क की मरम्मत के लिए वित्तीय मदद की इच्छा जताई है। गोपाल दिलैक ने बताया कि उनके गांव में बिजली व्यवस्था की हालत भी बेहद खराब है। वोल्टेज घटने-बढ़ने के कारण बिजली उपकरण खराब हो जाते हैं। उनके गांव के नजदीक ही 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने 66 केवी सब स्टेशन के निर्माण का शिलान्यास किया था लेकिन नौ साल बाद भी सब स्टेशन का काम अधर में लटका है। रुबीना ने सब स्टेशन का काम पूरा करने के लिए भी मदद की बात कही है।