प्रदेश सरकार ने शहर और इसके आसपास खाली पड़ी जगहों पर पार्किंग निर्माण करने का फैसला लिया है। शिमला में बनाई जा रही पार्किंग की छत ऐतिहासिक गौथिक शैली की होगी।
यह इसलिए कि बारिश और बर्फबारी के चलते वाहनों को नुकसान न पहुंचे। यह जानकारी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शहर में डिजाइन बिल्ट ऑपरेटर ट्रांसफर पर आधारित पार्किंग की स्थिति को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने शिमला में निर्माणाधीन चार पार्किंग संजौली, छोटा शिमला, विकासनगर और लिफ्ट का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के आदेश दिए। साथ ही सीमिट्री सुरंग तथा जाखू मार्ग में पार्किंग स्थल बनाने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जाखू के पास टिटला होटल भवन जर्जर स्थिति में है। भवन रहने के लिए असुरक्षित है। इस भवन की जगह का अधिग्रहण कर यहां सौ वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनेगा। इससे इस सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा।
यहां बन सकती है पार्किंग
ढली सुरंग के पास सीमिट्री के रास्ते पर लोक निर्माण विभाग के शेड तोड़कर वहां पर पार्किंग परिसर के निर्माण की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। वीरभद्र सिंह ने चिंता जताई कि निचले संजौली क्षेत्र में कोई हरित आवरण नहीं है।
सेंट जैवियर स्कूल के नजदीक पार्किंग स्थल बनाकर सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने की संभावनाएं तलाशी जानी चाहिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव, शहरी विकास विनीत चौधरी ने मुख्यमंत्री को बहुमंजिला पार्किंग परिसरों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के उनके निर्देशों को अमलीजामा पहनाने का आश्वासन दिया।
सीएम के प्रधान सचिव वीसी फारका ने पार्किंग का निर्माण कर रही एजेंसी को आश्वस्त किया कि संजौली में निर्माणाधीन पार्किंग परिसर का कार्य पूरा होने तक यहां वाहनों को पार्किंग की अनुमति नहीं देंगे। बैठक में विशेष सचिव शहरी विकास पूर्णिमा चौहान समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
2000 वाहन हो सकेंगे पार्क
एमसी आयुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि शहर में निर्माणाधीन चार मुख्य पार्किंग परिसरों का निर्माण कार्य पूरा होने पर 2000 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा मिलेगी।
संजौली में दिसंबर माह के अंत तक पार्किंग स्थल के निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। कंपनी ने पार्किंग के लिए छ: मंजिलें तैयार कर ली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिटला होटल भवन जर्जर स्थिति में है। भवन रहने के लिए असुरक्षित है। इस भवन की जगह का अधिग्रहण कर यहां सौ वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनेगा।