इटली के मिलान में विदेशी मॉडल्स के साथ हिमाचल के कुल्लू जिले के बजौरा के रहने वाले बेन भी खूब रंग जमाएंगे। बेन आज फैशन की दुनिया में नाम कमा रहे हैं। जल्द वह फिलीपींस में भी अपने प्रतिभा का हुनर दिखाएंगे। जबकि मुंबई और जयपुर फैशन वीक में भी बेन जलवे दिखा चुके हैं।
फैशन जगत में कड़ी मेहनत के बाद मुकाम हासिल करने वाले बेन मूलत कुल्लू जिला के बजौरा के रहने वाले हैं। उनका असली नाम महेंद्र चौहान उर्फ पम्मी है। जबकि फैशन जगत में वह बेन के नाम से प्रसिद्ध हैं। इन दिनों वह पासपोर्ट को लेकर बजौरा स्थित अपने घर पहुंचे हैं। पम्मी एक्टिव मोनाल कल्चरल एसोसिएशन के साथ बतौर अभिनेता जुड़े रहे हैं।
दो वर्ष पहले वह मॉडलिंग की दुनिया में अपना कॅरिअर बनाने के लिए दिल्ली गए और कड़ी मेहनत से खुद को टॉप मॉडल के रूप स्थापित किया। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण पम्मी को बचपन से ही कठिनाइयों से गुजरना पड़ा और ये कठिनाइयां उन्हें हर बुरी स्थिति में जीतने का गुर सिखा गईं।