ग्राम पंचायत बफड़ी के पनाहर गांव में शादी में आए करीब दो दर्जन लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया। इनमें से 9 लोगों को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर है जिसे भर्ती कर लिया है।
अन्य का स्थानीय स्तर पर ही उपचार किया गया। पनाहर गांव में लड़के की शादी थी। बारात वापस आने के बाद लोग दूल्हा दुल्हन को लेकर पीपल की फेरी लेने जा रहे थे। कुछ लोग दूल्हा-दुल्हन के आगे-आगे चले थे।
रास्ते में अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इससे लोग भागने लगे। भागते हुए वे घरों में घुस गए लेकिन मधुमक्खियों ने पीछा नहीं छोड़ा। मधुमक्खियों ने बाकी लोगों को भी काट लिया।