विश्व प्रसिद्ध बिलिंग घाटी में पहली बार साइकिल रैली का रोमांच देखने को मिला। हेल साइकिल रेस में कुल्लू के दविंद्र ठाकुर चैंपियन बने हैं। कुल्लु के ही सुनीर वरुण गप्पा दूसरे और चंडीगढ़ के संदीप मदान तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में जर्मनी की सहारा ने पहला, गुडगांव से नूपुर सिंह ने दूसरा और मुंबई से मीना यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया है।
बीड के क्योर स्थित पैराग्लाइडिंग की लैंडिंग साइट से रैली को सुबह साढ़े सात बजे बिलिंग एसोसिएशन के निदेशक अनुराग शर्मा ने झंडी दिखा कर रवाना किया। दविंद्र ठाकुर ने क्योर से बिलिंग, बड़ा ग्रां, कोठी कोहड होते हुए बरोट तक 55 किलोमीटर के उबड़-खाबड़ रास्तों का सफर 3 घंटे 27 मिनट में पूरा कर लिया।
दूसरे स्थान पर सुनील ने 3.41 घंटे, संदीप ने 3.43 घंटे में रेस पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग की विजेता सहारा ने चार घंटे 45 मिनट, नूपुर सिंह ने 6 घंटे 22 मिनट और मीना यादव ने 6 घंटे 36 मिनट में रेस पूरी की। विजेताओं को शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने सम्मानित किया। रेस में कुल 62 देशी विदेशी प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस दौरान तीन दर्जन से अधिक प्रतिभागी क्वालिफाइंग राउंड में पहुंचे। बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के तीन पायलट सुमीत ठाकुर, दीपक ठाकुर और विक्रांत ठाकुर टॉप टेन में अपना स्थान बनाने में सफल रहे। पायलट ज्योति ठाकुर के बेटे 13 वर्षीय विक्रांत ठाकुर सबसे कम उम्र के प्रतिभागी रहे।