ट्रक ऑपरेटर यूनियन सीमेंट प्लांट शुरू करने पर ही अदाणी समूह से वार्ता करने के लिए तैयार है। बरमाणा और दाड़लाघाट सीमेंट प्लांट की चार ट्रक ऑपरेटर यूनियनों ने वीरवार शाम को बिलासपुर के नम्होल गेस्ट हाउस में संयुक्त बैठक की। इस बैठक में शुक्रवार को मुख्य सचिव के साथ होने वाली बैठक के लिए रणनीति तैयार की गई। सभी यूनियनों के पदाधिकारी मुख्य सचिव से मांग करेंगे कि अदाणी समूह पहले दोनों प्लांट को फिर से शुरू करे और उसके बाद ही वार्ता की जाएगी। बैठक में बीडीटीएस बरमाणा, एडीकेएम दाड़लाघाट, एसटीओ दाड़लाघाट और लेड लूजर दाड़लाघाट यूनियनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बीडीटीएस के कार्यालय सचिव नंदलाल ठाकुर ने बताया कि नम्होल रेस्ट हाउस में चार यूनियनों की संयुक्त बैठक की गई। मुख्य सचिव के साथ शुक्रवार सुबह 11 बजे बीडीटीएस और दोपहर 3:00 बजे दाड़लाघाट की यूनियनों के साथ बैठक होगी। बैठक में बीडीटीएस सदस्य प्रदीप ठाकुर काका, सुरेश चौधरी, गंगा सिंह ठाकुर, राजपाल ठाकुर, विकास भार्गव, कमल किशोर, संतोष कुमार, जय सिंह ठाकुर, अनिल कुमार, कुलदीप ठाकुर, एडीकेएम से अरुण शुक्ला, बालक राम शर्मा, एसटीओ जयदेव कौंडल, आरके बंसल और लेड लूजर यूनियन से रामपाल, हरजिंद्र कुमार शामिल रहे।
बैठक में सबसे पहले अदाणी सीमेंट कंपनी के प्लांट बंद करने के तुगलकी फरमान की निंदा की गई। इसके बाद मुख्य सचिव के साथ होने वाली बैठक की रणनीति तैयार की गई। बैठक में बीडीटीएस सदस्य राकेश ठाकुर रॉकी ने कहा कि अदाणी ग्रुप का दोनों सीमेंट प्लांटों पर अचानक ताला लगाने का निर्णय गलत है। गैर कानूनी ढंग से ताला लगाया गया है, जबकि किसी भी कारखाने को बंद करने से पहले फैक्ट्री एक्ट के तहत पहले मामला प्रदेश सरकार के पास ले जाना पड़ता है। प्रदेश सरकार अनुमति नहीं देती है तो कार्रवाई कानूनी तौर पर गलत मानी जाती है। किसी भी फैक्ट्री को बंद करने से पहले फैक्ट्री एक्ट 1947 के तहत मामले को सरकार के पास ले जाना अनिवार्य है।