डीजल के दामों में बढ़ोतरी के बाद 10 हजार से अधिक ट्रकों के बेडे़ वाली बीबीएन ट्रक यूनियन ने मालभाड़े में 70 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ोतरी की है। इससे पहले नवंबर 16 को यूनियन ने डीजल के दाम में 1.53 पैसे की गिरावट पर 70 पैसे की कटौती की थी। शुक्रवार मध्यरात्रि डीजल के दाम दोबारा 1.79 रुपये प्रति लीटर बढ़े हैं।
इसके चलते यूनियन ने तय फार्मूले के तहत किराया बढ़ाया है। बीबीएन के उद्यमियों ने किराये की इस बढ़ोतरी को सामान्य बताया है। इसका औद्योगिक गतिविधियों पर विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा। ट्रक यूनियन के प्रधान विद्या रतन चौधरी ने कहा कि किराये को लेकर उद्योगों के साथ पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है।
इस कारण किराये में किसी भी तरह के बदलाव को लेकर दोनों ही पक्षों में सामंजस्य रहता है। बीबीएन इंडस्ट्रियल एसोसिएशन अध्यक्ष शैलेश अग्रवाल ने कहा कि डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी के बाद तय मानकों के तहत यूनियन ने किराया बढ़ाया है। इसका उद्योगों पर विशेष प्रभाव नहीं रहेगा।