हिमाचल प्रदेश पुलिस ने ओच्छघाट के समीप बीबीए के छात्र को 7.39 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा राज्य का निवासी है, जो शूलिनी विवि में पढ़ाई कर रहा है। आरोप है कि वह विवि समेत आसपास के क्षेत्रों में काफी समय से चिट्टा सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसके कमरे में दबिश देकर चिट्टा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार सोलन पुलिस की टीम सोमवार को शहर में गश्त पर थी। इस बीच सूचना मिली कि अंश अरोड़ा शूलिनी यूनिवर्सिटी में पढ़ता है और जीरो प्वाइंट ओच्छघाट के समीप एक मकान में किराये के कमरा में रहता है। युवक काफी समय से यूनिवर्सिटी व आसपास के शिक्षण संस्थानों में छात्रों को चिट्टा बेचने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कमरे में दबिश देकर फतेहाबाद निवासी छात्र से 7.39 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। उधर, एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया है। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।