नूरपुर के कुखेड़ गांव की अनीता ठाकुर राष्ट्रीय मिक्स मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेगी। वह सूबे की पहली महिला होगी, जो मिक्स मार्शल आर्ट फाइटर के तौर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। दुनिया की सबसे खतरनाक खेलों में शुमार मिक्स मार्शल आर्ट फाइट को कुछ चुनिंदा खिलाड़ी की खेल पाते हैं।
यह खेल कुश्ती, जूडो, किक बॉक्सिंग का मिश्रण है। नूरपुर तहसील की ठेहड़ पंचायत के कुखेड़ गांव की अनीता ठाकुर पुत्री मेहर सिंह ने कुश्ती, जूडो और किक बॉक्सिंग में हाथ आजमाने के बाद मिक्स मार्शल आर्ट को चुना। हाल ही में अनीता ने चंडीगढ़ में ट्रायल पास करने के बाद हिमाचल से पहली मिक्स मार्शल आर्ट चैंपियनशिप के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अनीता 20 जुलाई को दिल्ली के प्रगति मैदान में होने वाली दूसरी मिक्स मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में भाग लेगी। बीते साल अनीता ने राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया तो इंटर कॉलेज कुश्ती व जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता।
जूडो में शानदार प्रदर्शन के चलते अनीता को महाराष्ट्र में राष्ट्रीय स्तर पर भी खेलने का मौका मिला था। वर्तमान में अनीता नूरपुर के राजकीय आर्य डिग्री कॉलेज में बीए की छात्रा है और अगले माह होने वाली दूसरी नेशनल मिक्स मार्शल आर्ट चैंपियनशिप के लिए नूरपुर स्पोर्ट्स क्लब में ट्रेनिंग हासिल कर रही है।
अनीता ने बताया कि इस प्रतियोगिता में पहली मर्तबा हिस्सा ले रही है और प्रदेश की पहली महिला फाइटर के तौर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल रहा है। इससे वह काफी उत्साहित है।