हिमाचल की बेटी ने एनसीसी में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। लॉ मॉन्टेसरी स्कूल की छात्रा विजय सोमिनी जसवाल ने एनसीसी में देश भर में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
देश के सर्वश्रेष्ठ 17 कैडेट्स (जूनियर डिव जूनियर एयर विंग) को पछाड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। इसमें देश भर के 2078 कैडेट्स शामिल थे। उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश व चंडीगढ़ से 106 प्रतिभागी इसके लिए चयनित हुए थे।
हिमाचल की पहली एयर विंग बेस्ट कैडेट प्रतियोगिता में न सिर्फ हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया बल्कि द्वितीय स्थान प्राप्त कर पूरे हिमाचल का गौरव बढ़ाया है। स्कूल की प्रिंसिपल ललिता कंवर ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए विजय सोमिनी जसवाल ने कई चुनौतियों का सामना किया है। छात्रा ने फायरिंग, ड्रिल, लिखित परीक्षा व साक्षात्कार में अपना श्रेष्ठ देते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।