उफनती खड्ड में कूद कर बुजुर्ग और गाय की जान बचाने वाले छात्र ने बहादुरी की मिसाल पेश की है। उफनती खड्ड में 70 वर्षीय वृद्ध और एक गाय को जान पर खेलकर बचाने वाले थुनाग स्कूल के जमा एक कक्षा के छात्र चुन्नी लाल को स्कूल में सम्मानित किया गया।
15 अगस्त को पंचायत की ओर से भी इसे पुरस्कृत किया जाएगा। राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए भी स्कूल प्रबंधन ने विभाग के माध्यम से चुन्नी का नाम सरकार को भेजा है। शुक्रवार को स्कूल में समारोह के दौरान प्रधानाचार्य केसर सिंह ठाकुर ने चुन्नी लाल को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
चुन्नी लाल के पिता वेद राम ने कहा कि उन्हें बेटे की बहादुरी पर नाज है। प्रधानाचार्य ने बताया कि 28 जून को थुनाग खड्ड के किनारे चुन्नी लाल खेतों में काम कर रहा था। बारिश के कारण खड्ड उफान पर थी। इसी बीच खड्ड के तेज बहाव में बह रही गाय पर चुन्नी लाल की नजर पड़ी।
जान की परवाह किए बगैर चुन्नी लाल खड्ड में कूद गया और गाय को किनारे तक पहुंचाया। इसी बीच चुन्नी ने देखा गाय को चराने आया 70 साल का बुजुर्ग देव भी तेज बहाव की चपेट में आ गया है। चुन्नी ने देव को भी पानी के तेज बहाव से बाहर निकाला।