स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले रिएलिटी शो इंडियाज ग्रेट लाफ्टर चैलेंज के लिए सोलन के तीन नन्हें कलाकार नई दिल्ली में ऑडिशन देंगे। यह ऑडिशन 16 जुलाई को होंगे। इन्होंने चार जून को चंडीगढ़ में हुए ऑडिशन में अपनी स्टैंड अप कॉमेडी दिखाकर दिल्ली राउंड के लिए जगह बनाई है।
सोलन के नन्हें कलाकार दिल्ली राउंड को पार कर टीवी राउंड तक पहुंच सकते हैं। सोलन के तीन नन्हें प्रतिभागी सोहम वर्मा, अक्षरा वर्मा और आकृति शर्मा को चैनल की ओर से हरी झंडी मिल चुकी है। रमन रघुवंशी की सात दिवसीय अभिनय कार्यशाला से स्टैंड अप
कॉमेडी की आधारभूत जानकारी लेकर आठ प्रतिभागियों ने चंडीगढ़ राउंड में भाग लिया था। हाल ही में उनकी ओर से प्रशिक्षित कृष ठाकुर ने सोनी टीवी पर अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाए थे। उससे पहले जीटीवी पर ट्विंकल शर्मा ने भी अपने अभिनय क्षेत्र की शुरुआत यहां से की थी।
ये बोले नन्हें कलाकार
मम्मी पापा सहित टीचर का मिला पूर्ण सहयोग
सोहन वर्मा ने कहा है कि मुझे अच्छा लगा जब मैं दिल्ली राउंड के लिए सेलेक्ट हुआ। सोनी टीवी सबसे बड़ा कलाकार में मैं दिल्ली राउंड पार नहीं कर पाया था। इस बार मैं पूरी कोशिश करूंगा। मेरे मम्मी-पापा का सपना पूरा करने में मेरे एक्टिंग टीचर ने मेरी बहुत मदद की।
गुरुजनों का थैंक्स
अक्षरा वर्मा ने कहा कि वह ऑडिशन से पहले डरी हुई थी। ऑडिशन के बाद मुझमें पूरा विश्वास था कि मुझे फोन आएगा। मम्मी-पापा, सन्नी सर और रमन सर का थैंक्स करना चाहती हूं।
जजों से खुलकर की बात
आकृति शर्मा बोलीं- ऑडिशन के दौरान जजों से खुलकर बात की। सबसे बड़ा कलाकार में मैं चंडीगढ़ राउंड पार नहीं कर पाई थी। उसके बद रमन सर के पास ऑडिशन की तैयारी की। विनोद सर, मनीष सर और पापा की मेहनत से यह राउंड पार किया।