सुर संगीत की दुनिया में हिमाचल के जिला ऊना की बेटी रजिया शान ने हिमाचल का नाम रोशन किया है। स्टार प्लस के शो दिल है हिंदोस्तानी में रजिया ने दमा दम मस्त कलंदर गीत पर परफार्म कर अगले राउंड में जगह बना ली है। ऊना की बेटी ने मंच पर अपनी आवाज का ऐसा जादू बिखेरा कि शो के जज भी रजिया के कायल हो गए।
रजिया से पहले संगीत के क्षेत्र में जिला से संबंधित मास्टर नितिन भी टीवी शो में अपनी आवाज का जादू बिखेर चुके हैं। टीवी पर रजिया की आवाज को सुनने के लिए जिला वासी कई दिनों से इंतजार में थे। रात को रजिया को टीवी शो में देखकर लोगों ने जमकर तारीफ की है।
स्थानीय लोगों में अमन कुमार, विनोद शर्मा, शिव कुमार, वासुदेव और राकेश कुमार ने कहा कि बेटी रजिया ने टीवी शो में अपनी आवाज का जादू बिखेर कर जिला का ही नहीं, पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उधर, उपायुक्त विकास लाबरू ने बेटी रजिया को शुभकामनाएं दी हैं।
मैहतपुर के साथ लगते बनगढ़ गांव के बैंड मास्टर शान मोहम्मद की छोटी बेटी रजिया को गाने का शौक बचपन से ही था। रजिया ने शुरूआती तालीम गांव में लेकर उच्च शिक्षा जखेड़ा स्कूल में पूरी की। रजिया संगीत में प्रो. परमहंस आहुजा को अपना उस्ताद मानती हैं।