देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस में हिमाचल के जिला लाहौल के बेटे ने अपना डंका बजाया है। जनजातीय जिला के छात्र समतन दोरजे ने एसटी वर्ग में पूरे प्रदेश में टॉप किया है।
समतन ने देश भर में एडवांस परीक्षा पास करने वाले हजारों सामान्य वर्ग के छात्रों से अधिक अंक लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी आल इंडिया रैंकिंग 968 है।
समतन की इस कामयाबी ने समूची लाहौल घाटी का सिर ऊंचा कर दिया है। समतन लाहौल-स्पीति के दुर्गम गांव तेलिंग से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता ओमप्रकाश किसान और माता शांति गृहिणी हैं।
बेटे की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार में जश्न का माहौल है। समतन आईआईटी से आर्किटैक्ट इंजीनियर बनना चाहते हैं। ओमप्रकाश ने बताया कि समतन ने प्रारंभिक परीक्षा मनाली के मिशन स्कूल और जमा दो कुल्लू गांधीनगर के लॉरेल पब्लिक स्कूल से की है।
स्कूल प्रधानाचार्य निशा बौद्ध ने बताया कि समतन ने जेईई एडवांस परीक्षा में 181 अंक लेकर पूरे प्रदेश में एसटी वर्ग में टॉप किया है। उन्होंने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता और स्कूल स्टाफ को दिया है।