हिमाचल की बेटी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। शाहपुर आईटीआई की ड्राफ्ट्समैन ( सिविल) व्यवसाय की प्रशिक्षु रजनी देवी कोलकाता के एटीआई हावड़ा में 22 से 26 मई तक होने वाली 54वीं अखिल भारतीय कौशल प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
चंबा जिले की सिहुंता तहसील के समोट गांव की रहने वाली रजनी देवी का प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए चयन उम्दा प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। मंडी में हुई राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में रजनी देवी ने प्रथम स्थान हासिल किया था।
इस आधार पर उनका चयन कोलकाता के एटीआई हावड़ा में होने वाली अखिल भारतीय कौशल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। रजनी देवी ने अपनी सफलता का श्रेय पिता स्वर्गीय कर्ण सिंह, माता शकुंतला देवी, ड्राफ्ट्समैन व्यवसाय के अनुदेशक बलवीर सिंह और गणित के अनुदेशकों अजय शर्मा और सुनील दत्त को दिया है।
रजनी देवी ने ड्राफ्ट्समैन (सिविल) व्यवसाय में दो वर्षीय प्रशिक्षण राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर से इसी साल 87 प्रतिशत अंकों के साथ पूर्ण किया है। वर्तमान में वे आरवीटीआई शिमला से सीटीआई कर रही हैं।
उधर, शाहपुर आईटीआई के प्रधानाचार्य एसके लखनपाल ने बताया कि संस्थान की इस छात्रा का अखिल भारतीय कौशल प्रतियोगिता के लिए चयन होना संस्थान के लिए गौरव की बात है।