हिमाचल के चंबा में भटियात उपमंडल के चुवाड़ी कस्बे में रहने वाले रजत वर्मा की भारतीय वायुसेना में बतौर फ्लाइंग आफिसर रैंक पर पायलट के रूप में नियुक्ति हुई है। उसकी उपलब्धि पर परिजन और इलाके के लोग फूले नहीं समा रहे हैं।
भारतीय वायुसेना की ओर से सत्रह दिसंबर को वायुसेना अकादमी डूंडीगल हैदराबाद में आयोजित पासिंग आउट परेड में रजत वर्मा को फलाइंग आफिसर का रैंक लगाकर सुशोभित किया गया। रजत वर्मा ने दसवीं तक की पढ़ाई किड्स कैंप सीनियर सेकेंडरी स्कूल चुवाड़ी और जमा दो कक्षा की पढ़ाई हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल चुवाड़ी से की।
देश सेवा की भावना से प्रेरित रजत वर्मा 2012 में एनडीए पुणे के लिए चयनित हुए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय श्री सत्य साईं बाबा की शिक्षाओं, अपनी माता रीता वर्मा, पिता सुरेंद्र वर्मा सहित अपने गुरुजनों को दिया है। रजत वर्मा ने बताया कि फ्लाइंग आफिसर के रूप में अपने कर्तव्य का पालन ईमानदारी के साथ करेंगे। रजत वर्मा की नियुक्ति बतौर पायलट बंगलूरू में हुई है।