स्पेस ओलंपियाड परीक्षा में रोहड़ू के छात्र ने प्रथम स्थान हासिल किया है। ग्लोरी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल रोहड़ू के छात्र पारस दत्ता ने स्पेस ओलंपियाड की लेवल 2 परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
पारस अब सिंगापुर और इंग्लैंड जाकर नासा के वैज्ञानिकों से विज्ञान के गुर सीखेंगे। वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। छात्र की इस उपलब्धि से स्कूल प्रबंधन और क्षेत्रवासियों में खुशी है।
स्पेस ओलंपियाड की लेवल 2 परीक्षा 15 नवंबर, 2017 को हुई थी। इसमें प्रदेश के तीन सौ स्कूलों से करीब चार हजार छात्रों ने भाग लिया था। 15 मार्च को परिणाम घोषित हुआ।
इसमें ग्लोरी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल रोहड़ू में दसवीं के छात्र पारस दत्ता ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। स्पेस ओलंपियाड की ओर से विदेश दौरे पर जाने की तिथि अभी निर्धारित नहीं हुई है। पारस दत्ता के पिता संजीत दत्ता शिक्षक हैं।
माता संतोष दत्ता गृहिणी हैं। स्कूल प्रधानाचार्य विनय जिंटा ने बताया कि पारस दत्ता स्कूल के एक होनहार छात्र हैं। वे इससे पहले भी ब्रेन ऑफ हिमाचल का पुरस्कार जीत चुके हैं।