24 से 28 अप्रैल तक थाईलैड के बैंकॉक में होने वाली (आईएचएफ) एशिया इंटर कॉन्टिनेंटल कप के लिए हिमाचल की दो खिलाड़ियों का भी चयन हुआ है। इनमें बिलासपुर जिला से संबंध रखने वाली मेनिका और निधि शामिल हैं। मेनिका के नेतृत्व में भारतीय महिला हैंडबाल टीम ने ढाका में गोल्ड मेडल जीता था।
जबकि निधि ने बतौर उप कप्तान अपनी भूमिका निभाई थी। इस बार भी कयास लगाए जा रहे हैं कि मेनिका को ही आईएचएफ कप के लिए भारतीय टीम की कमान सौंपी जाएगी। हैंडबॉल संघ के महासचिव डॉ. मोंटी शर्मा, हैंडबॉल कोच सचिन चौधरी और स्नेहलता ने बताया कि भारतीय महिला टीम 22 अप्रैल को दिल्ली से बैंकॉक रवाना होगी।
इस टीम में हिमाचल के बिलासपुर जिले की मोर सिंघी पंचायत में चल रही हैंडबॉल नर्सरी से दो महिला खिलाड़ी मेनिका और निधि का चयन हुआ है। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि गत वर्ष ढाका में संपन्न हुई प्रतियोगिता में भी मेनिका व निधि टीम का हिस्सा थीं। दोनों खिलाड़ी पूरे विश्व में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए टॉप स्कोरर भी रही थीं।
हिमाचल हैंडबाल संघ के अध्यक्ष बंबर ठाकुर के साथ संघ के सभी पदाधिकारी और वरिष्ठ खिलाड़ियों ने दोनों को बधाई दी है। बंबर ठाकुर ने कहा है कि जिस प्रकार गत वर्ष भी मेनिका के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने ढाका में स्वर्ण पदक हासिल किया था, उसी प्रकार बैंकॉक में भी अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक जीतेगी।