हिमाचल की बेटी ने रिएलिटी शो किसमें कितना है दम के ग्रैंड फिनाले में एंट्री कर ली है। मंडी जिले के धर्मपुर उपमंडल की भरौरी पंचायत निवासी कोमल शर्मा इंटरनेशनल स्कूल नवाही में 11वीं की छात्रा हैं।
डीडी पंजाबी चैनल की टीम ने कोमल शर्मा के स्कूल और घर पहुंचकर अध्यापकों, माता-पिता, दादा, ताया-ताई सहित गांव के लोगों को कैमरे में कैद किया। यह कार्यक्रम जल्द डीडी पंजाबी पर प्रसारित होगा। इसके निर्माता और निर्देशक वरुण बंसल है।
उन्होंने कहा कि कोमल शर्मा प्री फिनाले में पहुंच चुकी हैं। वह अपनी प्रतिभा के दम पर यहां तक पहुंची हैं। कार्यक्रम का सेमीफाइनल शिमला में हुआ। कहा कि किसमें कितना है दम शो का दूसरा सीजन है। इसमें पंजाब, हरियाणा और हिमाचल के बच्चे जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतिभा दिखाएंगे।
पढ़ाई में भी अव्वल है कोमल, मां है स्कूल टीचर
कोमल की माता भावना शर्मा इंटरनेशनल स्कूल नवाही में अध्यापिका हैं। पिता राजेश शर्मा सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। कोमल की उपलब्धि पर घर और गांव में खुशी का माहौल है। उनके अभिभावकों का कहना है कि कोमल डांस के साथ पढ़ाई में भी अव्वल हैं।
कोमल को कई मेडल शिक्षा क्षेत्र में भी मिल चुके हैं। दादा चमनलाल शर्मा, ताया सुशील कुमार, ताई सुषमा शर्मा, भाई शुभम शर्मा, आदित्य शर्मा, आरुष शर्मा, चाचा सुरेश कुमार, चाची तनुजा शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान विनोद शर्मा, प्रवीण कुमार, ब्यास देव, हेमराज, राजेन्द्र शर्मा, विनोद कुमार, कश्मीर सिंह ने फाइनल में जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।