पीसीएस जे-2015 की परीक्षा में गाजियाबाद की तीन महिलाओं ने सफलता हासिल कर स्त्री शक्ति का झंडा बुलंद किया है। पीसीएस जे 2015 में 195 पदों के लिए लिखित परीक्षा हुई थी। शुक्रवार को परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ।
परीक्षा में 29वें स्थान पर रहीं इंद्रेश सिंह ने अपने दूसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है। इंद्रेश सहायक निर्वाचन अधिकारी विशाल सिंह (कार्यरत गाजियाबाद) की पत्नी हैं। इंद्रेश वर्तमान में पुलिस टेलीकॉम की शाखा में रेडियो अनुरक्षण अधिकारी पद पर कार्यरत हैं।
गृहस्थी और नौकरी के बीच इंद्रेश ने यह सफलता कैसे हासिल की, इसके जवाब में वे अपने परिवार और विशेष तौर पर बेटा और पति का सहयोग बताती हैं। इंद्रेश ने बताया कि उन्होंने अपनी पूरी पढ़ाई शादी के बाद ही की है।
ससुराल वालों के सहयोग से न केवल उन्होंने अपनी बीएससी की पढ़ाई पूरी की बल्कि एलएलबी और एलएलम भी किया। उन्होंने बताया कि पहले प्रयास में कुछ अंकों से ही वे चूक गई थीं। उससे सबक लेते हुए दूसरे प्रयास में उन्होंने पुरजोर मेहनत की और परिणाम अच्छा रहा।
इंद्रेश ने बताया इंटरव्यू के लिए उनका सलेक्शन उच्च शिक्षा सेवा में प्रोफेसर के लिए भी हो चुका है, जिसकी अभी तारीख नहीं आई है। इंद्रेश मूल रूप से शामली के रिटोली गांव की हैं।