कांगड़ा जिले के हरिपुर क्षेत्र के झकलेड़ की तमन्ना चंबयाल ने विदेश में पढ़ने के लिए हंगरी की अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त स्टीपेन्डियम हंगरिकम स्कॉलरशिप प्राप्त किया है। तमन्ना हिमाचल की इकलौती बेटी है, जिसने इस वर्ष कृषि इंजीनियरिंग में स्नातक डिग्री करने के लिए यह स्कॉलरशिप प्राप्त की है।
स्कॉलरशिप को प्राप्त करने की तैयारी करवाने वाले राजकीय महाविद्यालय ढलियारा के प्राध्यापक डॉ. दिनेश शर्मा का कहना है कि इस तरह की उपलब्धि के लिए विद्यार्थी को कई तरह की कठिन परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है। इसके लिए लगातार प्रयासों के साथ-साथ लग्न व कड़ी मेहनत की जरूरत होती है।
उन्होंने बताया कि ढलियारा महाविद्यालय से पिछले वर्ष भी एक और बेटी यशिला शर्मा ने एप्लाइड इकोनॉमिक्स की स्नातक डिग्री के लिए यह उपलब्धि प्राप्त की थी। इधर, बेटी की उपलब्धि पर राकेश कुमार चंबयाल और संजुला फूले नहीं समा रहे।