जीएनएम के प्रथम सेमेस्टर की वार्षिक परीक्षा में मंगला निवासी काजल कुमारी ने प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। बेटी की इस उपलब्धि पर माता-पिता फूले नहीं समा रहे हैं।
राजकीय जीएनएम स्कूल खनेरी (रामपुर) में काजल कुमारी पुत्री जोगेंद्र सिंह निवासी मंगला जीएनएम का कोर्स कर रही है। तीन वर्षीय जीएनएम के कोर्स के तहत पहले सेमेस्टर की परीक्षा में काजल कुमारी ने 500 में से 401 अंक हासिल कर प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है।
काजल के पिता राजकीय प्राथमिक पाठशाला मनकोटा में अध्यापक हैं। माता सीमा देवी गृहिणी हैं। काजल की प्रारंभिक शिक्षा सेंट स्टीफन सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंबा में हुई है। जोगेंद्र सिंह ने बताया कि बेटी नर्सिंग में लेक्चरर बनना चाहती थी।
इसी के चलते वह जीएनएम कोर्स कर रही है। जीएनएम के पहले सेमेस्टर में प्रथम स्थान हासिल करने पर वह काफी खुश हैं।
राजकीय जीएनएम स्कूल खनेरी की प्रधानाचार्य श्यामा सूद और मधु गौतम ने छात्रा की इस उपलब्धि का श्रेय अभिभावकों, स्कूल के स्टाफ और छात्रा की कड़ी मेहनत को दिया है।
सेंट स्टीफन सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंबा के प्रधानाचार्य विशाल ने काजल और उसके परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।